शोभना शर्मा। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल की है। वर्ष 2024-25 के बजट के दौरान “नॉलेज इनहांसमेन्ट प्रोग्राम” की घोषणा की गई, जिसके तहत 100 प्रगतिशील युवा किसानों को कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में उन्नत तकनीकों और नवाचारों के बारे में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए विदेश भेजा जाएगा।
चयन के मापदंड
कार्यक्रम के तहत, 100 किसानों में से 80 किसानों का चयन कृषि क्षेत्र से और 20 का चयन डेयरी एवं पशुपालन क्षेत्र से किया जाएगा। कृषि क्षेत्र में चयन के लिए किसान के पास सामान्य तौर पर कम से कम 1 हेक्टेयर भूमि होनी चाहिए, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, और महिला किसानों के पास 0.5 हेक्टेयर भूमि का स्वामित्व आवश्यक है। इसके अलावा, किसान को पिछले 10 वर्षों से खेती कर रहे होना चाहिए और उन्नत कृषि तकनीकों जैसे संरक्षित खेती, सूक्ष्म सिंचाई, मल्चिंग, सौर ऊर्जा पंप, ड्रोन, फर्टिगेशन, और ऑटोमेशन का उपयोग करना चाहिए।
पशुपालन और डेयरी क्षेत्र के लिए, उम्मीदवारों के पास कम से कम 20 गाय-भैंस, 10 ऊँट, या 50 भेड़-बकरी होनी चाहिए, और उन्हें पिछले 10 वर्षों से इस पेशे में कार्यरत होना चाहिए। ऐसे प्रगतिशील किसान, जिन्होंने अपने क्षेत्र में पुरस्कार जीते हों, वे प्राथमिकता में रहेंगे।
आवेदन प्रक्रिया और अंतिम तिथि
जो युवा किसान इस कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक हैं, वे 25 सितंबर 2024 तक अपने नजदीकी ई-मित्र केंद्र के माध्यम से राजकिसान साथी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए किसानों की उम्र 55 वर्ष से कम होनी चाहिए और उनके पास वैध पासपोर्ट होना अनिवार्य है।
कार्यक्रम का उद्देश्य
इस नॉलेज इनहांसमेंट प्रोग्राम का उद्देश्य किसानों को कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में नई तकनीकों के प्रति जागरूक करना है। चयनित किसान उन देशों में भेजे जाएंगे जहाँ कृषि में उच्च तकनीक और कम लागत से अधिक उत्पादकता के लिए नवाचार किए जा रहे हैं।