मनीषा शर्मा, अजमेर । भारतीय जनता पार्टी ने शहर और देहात जिला अध्यक्ष पद के लिए नए नामों की घोषणा की है। यह घोषणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन सिंह राठौड़ ने शनिवार को पार्टी ऑफिस में की। मौजूदा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी को पुनः शहर जिला अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं, देहात जिला अध्यक्ष के लिए जीतमल प्रजापति का चयन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, चुनाव प्रभारी प्रसन्न मेहता और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
प्रदेशाध्यक्ष मदन सिंह राठौड़ ने कहा कि यह नियुक्तियां पार्टी के भीतर संगठन को और मजबूत करने के लिए की गई हैं। शहर जिला अध्यक्ष पद के लिए केवल रमेश सोनी ने नामांकन भरा था, जिससे उनकी नियुक्ति निर्विरोध हुई। दूसरी ओर, देहात जिला अध्यक्ष पद के लिए छह दावेदारों ने नामांकन किया था, जिनमें से पांच ने नाम वापस ले लिए। देहात अध्यक्ष पद के दावेदारों में शक्ति सिंह रावत, पवन जैन, महेंद्र सिंह मझेवाला, सुभाष वर्मा और आशीष सांड शामिल थे। अंतिम चरण में केवल जीतमल प्रजापति का नाम शेष रहने पर उनकी नियुक्ति की गई।
घोषणा कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। इनमें केबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत, विधायक शंकर सिंह रावत, विधायक रामस्वरूप लाम्बा, देवीशंकर भूतड़ा और बी.पी. सारस्वत शामिल थे। सभी नेताओं ने नए अध्यक्षों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि ये नियुक्तियां संगठन के लक्ष्यों को और सशक्त करेंगी।
इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाना और कार्यकर्ताओं की आवाज को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना है। उन्होंने दोनों नए अध्यक्षों से अपेक्षा की कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी नव नियुक्त अध्यक्षों का स्वागत किया और उन्हें समर्थन का भरोसा दिलाया। भाजपा की इस नई घोषणा से संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह और नई ऊर्जा देखने को मिल रही है।