latest-newsजयपुरराजनीतिराजस्थान

राजस्थान में बीजेपी का सदस्यता अभियान शुरू

राजस्थान में बीजेपी का सदस्यता अभियान शुरू

मनीषा शर्मा । राजस्थान में 3 सितंबर 2024 को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने महत्वाकांक्षी सदस्यता अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का आगाज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, और डॉ. प्रेमचंद बैरवा को पार्टी की सदस्यता दिलाकर किया गया। प्रदेश में भाजपा का लक्ष्य है कि इस अभियान के माध्यम से सवा करोड़ नए सदस्य बनाए जाएं।

इस सदस्यता अभियान के तहत, लोग 88 00 00 2024 पर मिस्ड कॉल देकर, नमो ऐप, वेबसाइट या क्यूआर कोड के जरिए पार्टी के सदस्य बन सकते हैं। इस अभियान के जरिए पार्टी का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को अपनी विचारधारा से जोड़ना है।

कार्यकर्ताओं को मिला सवा करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ें। उन्होंने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित पार्टी है, जो ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत पर काम करती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यों की सराहना की और कहा कि सरकार लगातार जनता के कल्याण के लिए काम कर रही है।

मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें लोगों को भाजपा की नीतियों और सिद्धांतों के बारे में बताना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आजकल ज्यादातर राजनीतिक पार्टियां परिवारवाद या एक व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती हैं, जबकि भाजपा का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संदेश: गांव-गांव पहुंचेंगे कार्यकर्ता

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सदस्य बनाकर इस अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर इस अभियान को चलाएगी और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों और उनकी जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताएंगे।

शर्मा ने यह भी कहा कि भाजपा राजनीति सिर्फ सत्ता के लिए नहीं, बल्कि देश बदलने के लिए करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा हर व्यक्ति को उसका हक़ दिलाने के लिए काम करती है और यह सुनिश्चित करती है कि देश के किसान, महिलाएं और युवा आगे बढ़ें, जिससे देश का विकास हो सके। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकार बजट और योजनाओं के आधार पर कार्य कर रही है, जो सभी के लिए लाभदायक हैं।

सदस्यता अभियान: दो चरणों में चलेगा

भाजपा सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक डॉ. अरूण चतुर्वेदी ने बताया कि इस अभियान के तहत 4 सितंबर को सभी जिलों में भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इसकी शुरुआत करेंगे।

चतुर्वेदी ने बताया कि राजस्थान में 51,700 बूथ हैं और हर बूथ पर 200-200 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान को दो चरणों में विभाजित किया गया है। पहला चरण 25 सितंबर तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 1 से 15 अक्टूबर तक चलेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को भाजपा की विचारधारा से जोड़ना है, ताकि वे पार्टी के कार्यों में सक्रिय रूप से भाग ले सकें।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading