शोभना शर्मा। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस अफवाहें फैलाकर जनता से आशीर्वाद लेना चाहती है, जबकि बीजेपी सेवा और विकास के जरिए जनता का आशीर्वाद लेती है। शनिवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित संविधान गौरव अभियान के तहत एक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस की नीतियों और उनके शासनकाल में हुए संविधान संशोधनों को आड़े हाथों लिया। इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी द्वारा संविधान में किए गए जनहितकारी संशोधनों का जोरदार बचाव किया।
कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
मदन राठौड़ ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने संविधान का इस्तेमाल हमेशा अपने निजी और राजनीतिक हितों के लिए किया है। उन्होंने इंदिरा गांधी के दौर का जिक्र करते हुए कहा कि जब इंदिरा गांधी के चुनाव को कोर्ट ने निरस्त कर दिया और उन्हें 6 साल के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया, तो उन्होंने संविधान में संशोधन कर अपने पद को बचाया। इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री पद को राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के समान विशेष दर्जा देकर इसे चैलेंज से बचाने के लिए नियमों में बदलाव किए और इसे 17 राज्यों में पारित कराया। उन्होंने कहा, “रविवार के दिन संसद बुलाई गई और इसे फिर से पारित किया गया। यह सब केवल व्यक्तिगत हित के लिए किया गया।” उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने संविधान के साथ खिलवाड़ किया और उसे अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए उपयोग किया।
बीजेपी ने किए जनहितकारी संशोधन
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि उनकी सरकार ने भी संविधान में संशोधन किए हैं, लेकिन वे हमेशा जनहित और राष्ट्रीय भावनाओं को ध्यान में रखकर किए गए। उन्होंने अनुच्छेद 370 को हटाने, नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) लाने और तीन तलाक को खत्म करने के लिए किए गए संविधान संशोधनों का उदाहरण दिया। उन्होंने जोर देकर कहा, “हमने धारा 370 को हटाकर जम्मू-कश्मीर को मुख्यधारा में लाने का काम किया। सीएए के जरिए हमने भारत में शरण लेने वाले शोषित अल्पसंख्यकों को नागरिकता दी। तीन तलाक को खत्म करके हमने मुस्लिम महिलाओं को न्याय दिलाने का काम किया। ये सारे बदलाव राष्ट्र हित और जनहित को ध्यान में रखकर किए गए।”
वोट बैंक की राजनीति पर निशाना
मदन राठौड़ ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह वोट बैंक की राजनीति के लिए बांग्लादेशी घुसपैठियों को शरण देने की बात करती हैं। उन्होंने इसे देश की सुरक्षा और संविधान के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि जब बंगाल में चुनाव हुए थे, तब प्रधानमंत्री मोदी कोरोना महामारी के बावजूद लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान करते हुए चुनावों को रद्द नहीं किया।
संविधान और लोकतंत्र का सम्मान
मदन राठौड़ ने अपने भाषण में बीजेपी के संविधान और लोकतंत्र के प्रति सम्मान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने हमेशा संविधान का सम्मान किया है और इसे जनहित में उपयोग किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने कोरोना के कठिन समय में भी लोकतंत्र की प्रक्रियाओं को बाधित नहीं किया।
संविधान गौरव अभियान का उद्देश्य
संगोष्ठी के दौरान मदन राठौड़ ने संविधान गौरव अभियान के महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान संविधान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और उसके महत्व को समझाने के लिए चलाया जा रहा है।