मशहूर पंजाबी सिंगर, रैपर और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moosewala) पर फायरिंग हुई है, इस घटना में उनकी मौत (Sidhu Moosewala Death) हो गई है। मानसा के गांव जवाहरके में सिद्धू मूसेवाला और उनके 2 साथियों पर कई राउंड की फायरिंग हुई। तीनों को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हैरान करने वाली बात ये है कि कल यानी शुक्रवार को ही पंजाब (Punjab) की आप (AAP) सरकार ने सिक्योरिटी घटाई थी। सिंगर 4 जून 2022 को गुड़गांव में एक कॉन्सर्ट में हिस्सा भी लेने वाले थे।
मौजूदा जानकारी के मुताबिक, मूसेवाला अपने दो साथियों के साथ गाड़ी से सफर कर रहे थे। इस दौरान काली रंग की गाड़ी में सवार दो लोगों ने सिंगर और उनके साथियों पर कई राउंड की फायरिंग की। सिंगर की हत्या के मामले में फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि आरोपियों को लेकर फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिली है।
वहीं इस मामले पर राजनीति भी तेज हो गई है। एनएसयूआई के रोशल लाल बिट्टू ने ट्वीट करके दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब सीएम भगवंत मान पर सवाल खड़े किए। उन्होंने लिखा कि, अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की सरकार ने कांग्रेस लीडर और मशहूर सिंगर सिद्धू की हत्या करवा दी है। क्या सिद्धू की सिक्योरिटी हटाना इसी का एक प्लान था?
शुक्रवार को ही भगवंत मान की आप सरकार ने सिंगर और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की सिक्योरिटी हटाई थी। ऐसे में विपक्ष ने मौजूदा सरकार पर निशाना तेज कर दिया है।