जयपुर। संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के अफ्रीका के कॉन्गो मिशन में तैनात सीमा सुरक्षा बल ( BSF ) के दो जवान मंगलवार को हिंसक प्रदर्शन के दौरान शहीद हो गए। ये दोनों जवान राजस्थान ( Rajasthan ) के निवासी है। शहीद जवान हैड कांस्टेबल शिशुपाल सिंह ( shishupal singh ) और हैड कांस्टेबल सांवला राम विश्नोई ( sanwla ram vishnoi )हैं। इनमें हैड कांस्टेबल सांवला राम विश्नोई बाड़मेर ( Barmer ) के गुढ़ामलानी और हैड कांस्टेबल शिशुपाल सिंह सीकर ( Sikar )के रहने वाले हैं। यह जानकारी सीमा सुरक्षा बल ने अपने ट्वीटर हैडल पर दी है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जवानों की शहादत पर गहरा दुख जताया हैं। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि: वह दो बहादुर भारतीय शांति सैनिकों को खोने पर बहुत दुखी हैं। ‘आक्रोशपूर्ण हमलों’ के अपराधियों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए और उन्हें न्याय कठघरे में लाया जाना चाहिए।
जानकारी के अनुसार शहीद सांवलाराम विश्नोई 1999 में सीमा सुरक्षा बल में भर्ती हुए थे। विश्नोई दो महीने पहले ही कांगो रवाना हुए थे। इससे पहले वे बांग्लादेश बॉर्डर पर तैनात थे। कांगो जाने से पहले वह 15 दिन के लिए घर पर भी आए थे। विश्नोई के शहीद होने का समाचार जैसे ही पहुंचा पूरा गांव शोक में डूब गया।