latest-newsजयपुरराजनीतिराजस्थान

डोटासरा का आरोप: महिला सुरक्षा में लापरवाही, शिक्षा में ढिलाई

डोटासरा का आरोप: महिला सुरक्षा में लापरवाही, शिक्षा में ढिलाई

मनीषा शर्मा । राजस्थान में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा सरकार पर महिला सुरक्षा और शिक्षा के मुद्दों को लेकर कड़ा हमला बोला है। बुधवार को कांग्रेस वार रूम में मीडिया से बातचीत के दौरान डोटासरा ने महिला एसपी की लोकेशन ट्रेस किए जाने के मामले में सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की महिला सुरक्षा का दावा खोखला है और भाजपा सरकार महिला अधिकारियों की सुरक्षा पर गंभीर नहीं है।

महिला एसपी का लोकेशन ट्रेस होना गंभीर मामला

डोटासरा ने कांग्रेस सरकार बनने पर इस मामले की जांच करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की बात करने वाली भाजपा सरकार एक महिला आईपीएस अधिकारी की लोकेशन ट्रेस कर रही है, जो पूरी राज्य की महिला सुरक्षा के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से इस मामले की जांच कराने की मांग की और कहा कि सरकार को इस मामले पर कार्रवाई करनी चाहिए। डोटासरा ने सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि भाजपा का ध्यान केवल कांग्रेस नेताओं की जांच करने में है, जबकि स्वयं के कार्यों की जांच पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, “जब हमारी सरकार बनेगी, तो इस मामले में गहन जांच कराई जाएगी।”

शिक्षा विभाग पर भी सवाल, मधुमक्खियों से कटवाने मंत्री बने हैं क्या?

इंग्लिश मीडियम स्कूलों में खाली पदों के मुद्दे पर डोटासरा ने भाजपा की शिक्षा नीति की आलोचना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री का ध्यान शिक्षकों की भर्ती की जगह दूसरी चीजों पर अधिक है। डोटासरा ने सवाल उठाया कि भाजपा सरकार ने शिक्षा मंत्री को केवल मधुमक्खियों से डंक मरवाने के लिए मंत्री बनाया है क्या? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने इंग्लिश मीडियम स्कूलों को बंद करने की बात कही थी, लेकिन अब खुद उन्हें चलाने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने शिक्षा विभाग को चेतावनी दी कि यदि वे अपने विभाग में कोई निर्णय नहीं ले पा रहे हैं, तो कांग्रेस से सलाह ले सकते हैं।

मंत्री के इस्तीफे पर कटाक्ष

डोटासरा ने एक कैबिनेट मंत्री द्वारा इस्तीफा दिए जाने पर भाजपा पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के मंत्री इस्तीफा देने के बाद भाजपा मुख्यालय में जाकर मुख्यमंत्री से इसे स्वीकार करने की प्रार्थना कर रहे हैं। डोटासरा ने इसे भाजपा में आंतरिक अस्थिरता का संकेत माना और इसे “तमाशा” करार दिया। उन्होंने कहा कि जब मंत्री खुद इस्तीफा देते हैं और फिर वापस लेते हैं, तो जनता के मन में भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता को लेकर संदेह उत्पन्न होता है।

पेपर लीक मामले पर सफाई

डोटासरा ने पेपर लीक मामलों पर भाजपा द्वारा कांग्रेस को निशाना बनाए जाने का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नीट जैसे राष्ट्रीय स्तर के एग्जाम में भी पेपर लीक की समस्या देखी है। उन्होंने कांग्रेस के कार्यकाल में हुए रीट पेपर लीक का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय दोषियों को पकड़कर भर्ती प्रक्रिया को दोबारा करवाया गया और उम्मीदवारों को नियुक्ति दी गई। डोटासरा ने भाजपा को सलाह दी कि वह कांग्रेस पर झूठे आरोप लगाना बंद करे और राज्य की समस्याओं पर ध्यान दे।

भाजपा की जनसुनवाई पर तंज

डोटासरा ने भाजपा की जनसुनवाई प्रक्रिया पर भी टिप्पणी की और इसे महज दिखावा करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनसुनवाई शुरू की, लेकिन दूसरे ही दिन ताले लगा दिए। डोटासरा ने भाजपा पर जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान न देने का आरोप लगाया और इसे “सर्कस” कहा। उन्होंने कहा कि सरकार का एक मंत्री जब यह कहता है कि वह मंत्री नहीं है, तो जनता किसके पास जाए।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading