मनीषा शर्मा। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले छह महीनों में कोई महत्वपूर्ण काम नहीं हुआ है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने “राधे-राधे” लिखा हुआ दुपट्टा ले रखा है, लेकिन काम करने की बजाय केवल शरीर तंदुरुस्त बना लिया है। डोटासरा ने कहा कि अगर काम नहीं हो रहा है तो मुख्यमंत्री को कुर्सी छोड़ देनी चाहिए।
डोटासरा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने चिरंजीवी योजना बंद कर दी, राजीव गांधी युवा मित्र को हटा दिया, महात्मा गांधी प्रेरक मत बनाओ, जिले खत्म कर दिए और सड़कों का काम रोक दिया। उन्होंने यह भी कहा कि बजरी में घोटाले चालू हैं और औचक निरीक्षण से पेट नहीं भरता। उन्होंने इंदिरा रसोई का उदाहरण देते हुए कहा कि इसका नाम बदलने से गरीब की रोटी कम कर दी गई है। डोटासरा ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे केवल औचक निरीक्षण करने और फोटो खिंचवाने में लगे हैं।
डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री कभी यमुना जल की बात करते हैं तो कभी ईआरसीपी की। उन्होंने कहा कि जो लोग ईआरसीपी की बात करते थे वे अब पर्यटन मंत्री बन गए हैं और केन्या, रूस, अमेरिका, लंदन में घूमते नजर आते हैं। डोटासरा ने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि अगर छह महीने में एक भी काम किया है तो बताएं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर काम नहीं हो रहा है तो कुर्सी छोड़ दें। राजस्थान की जनता सरकार की सभी गतिविधियों को देख रही है।