latest-newsदेश

सोने की कीमत ₹1 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंचने की ओर

सोने की कीमत ₹1 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंचने की ओर

मनीषा शर्मा, अजमेर। 2025 में सोने की कीमतों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। खासतौर पर पिछले कुछ महीनों से सोना हर हफ्ते नया रिकॉर्ड बना रहा है। दिल्ली सराफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमत 6,250 रुपये की उछाल के साथ 96,450 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। जानकारों का मानना है कि यही रफ्तार बनी रही, तो अगले हफ्ते तक सोने की कीमत ₹1 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है। देश ही नहीं, दुनियाभर के निवेशकों का रुझान सोने की तरफ बढ़ा है। भू-राजनीतिक तनाव, अमेरिका-चीन ट्रेड वॉर, फेडरल रिजर्व की संभावित ब्याज दरों में कटौती और अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड की मांग ने सोने की कीमतों को आसमान पर पहुंचा दिया है।

2025 में क्यों बढ़ रही है सोने की कीमत?

सोने की कीमतों में आई इस जबरदस्त तेजी के पीछे कई बड़े आर्थिक और वैश्विक कारण हैं। सबसे बड़ा कारण अमेरिका और चीन के बीच चल रहा ट्रेड वॉर है। इससे निवेशकों का भरोसा शेयर बाजार से हटकर गोल्ड में बढ़ा है, क्योंकि सोना हमेशा से सुरक्षित निवेश विकल्प माना जाता है।

इसके अलावा, अमेरिका का केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व साल 2025 में दो बार ब्याज दरों में कटौती कर सकता है। इससे डॉलर की वैल्यू में गिरावट आएगी और सोने की कीमतों में उछाल देखने को मिलेगा। कामा ज्वेलरी के एमडी कॉलिन शाह के अनुसार, ब्याज दरें घटने से लोग सुरक्षित निवेश के रूप में सोना खरीदेंगे और मांग बढ़ेगी, जिससे सोने की कीमत ₹1 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है।

दुनियाभर में गोल्ड का रुख

केवल भारत ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने ने रिकॉर्ड बनाया है। स्पॉट गोल्ड की कीमतें पहली बार 3,200 डॉलर प्रति औंस को पार कर गई हैं। वहीं, अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 3,237.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच चुके हैं।

मोतीलाल ओसवाल के सीनियर एनालिस्ट किशोर नारने ने सीएनबीसी से बातचीत में कहा कि गोल्ड की कोई ऊपरी सीमा नहीं है। उन्होंने अनुमान लगाया कि सोना 4,000-4,500 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है।

निवेशकों के लिए क्या है मौका?

जानकारों का कहना है कि सोने में निवेश करने का यह बेहद अच्छा समय है। भू-राजनीतिक अस्थिरता और ब्याज दरों में कटौती की संभावनाओं के चलते गोल्ड प्राइस आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है।  अगर आप भी सोने में निवेश करने की सोच रहे हैं, तो यह समय फिजिकल गोल्ड, गोल्ड ETF, या डिजिटल गोल्ड में निवेश का सही मौका हो सकता है।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading