latest-newsअलवरउदयपुरजयपुरझुंझुनूदौसाराजनीतिराजस्थानसीकर

पायलट का बीजेपी पर तंज: ‘400 पार की बात करने वाले अब 240 पर हैं

पायलट का बीजेपी पर तंज: ‘400 पार की बात करने वाले अब 240 पर हैं

मनीषा शर्मा। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने एक बार फिर से केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर करारा हमला बोला है। लोक स्वराज मंच के एक कार्यक्रम में सचिन पायलट ने लोकतंत्र, सत्ता की स्थायित्वता, और सामाजिक जागरूकता जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी। अपने बेबाक अंदाज में उन्होंने बीजेपी की नीतियों, संस्थाओं के दुरुपयोग और सत्ता में स्थायित्व की गलतफहमी को लेकर तंज कसा।

‘400 पार की बात करने वाले 240 पर आ गए हैं’

सचिन पायलट ने कहा,

“जो लोग 400 पार और 500 पार की बातें करते थे, आज वे 240 पर सिमट गए हैं। कब चंद्रबाबू नायडू का मन बदल जाए और कब नीतीश कुमार पलटी मार दें, इसका कोई भरोसा नहीं। सत्ता हमेशा किसी के पास स्थायी नहीं रहती।”

उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में सत्ता का घमंड करना उचित नहीं है। यह घमंड ही अंततः पतन का कारण बनता है।

जनभागीदारी केवल सोशल मीडिया तक सीमित

पायलट ने इस बात पर अफसोस जताया कि वर्तमान समय में नौजवानों में जागरूकता तो है, लेकिन वह केवल सोशल मीडिया तक सीमित रह गई है। उन्होंने कहा कि:

“पहले लोग सड़कों पर उतरते थे, आंदोलन खड़े करते थे। लेकिन अब ज्यादातर जनभागीदारी सोशल मीडिया तक सिमट गई है। लोग अपने दायरे से बाहर निकलने को तैयार नहीं हैं। यही कारण है कि बड़े आंदोलनों की कमी महसूस होती है।”

उन्होंने नौजवानों से आग्रह किया कि वे केवल सोशल मीडिया तक न रहें, बल्कि सक्रिय रूप से देश के मुद्दों में भाग लें।

‘समय कभी एक सा नहीं रहता’

अपने व्यक्तिगत अनुभवों को साझा करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि समय कभी एक जैसा नहीं रहता। उन्होंने कहा,

“मैंने अपने जीवन में अच्छे और बुरे दोनों समय देखे हैं। लेकिन जो नेता जनता के दिलों में अपनी जगह बना लेता है, वह लंबे समय तक प्रासंगिक रहता है। सत्ता में हो या नहीं, उसकी लोकप्रियता पर फर्क नहीं पड़ता।”

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि भारत में 75 केंद्रीय मंत्री हैं, लेकिन इनमें से अधिकांश के नाम जनता नहीं जानती। केवल वे नेता याद किए जाते हैं जो अपने कार्यों और विचारधारा से जनता के दिलों में जगह बनाते हैं।

मनमोहन सिंह का उदाहरण

सचिन पायलट ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में उनके बारे में कई तरह की बातें की गईं। उन्हें ‘पपेट प्रधानमंत्री’ तक कहा गया, लेकिन उनके योगदान को आज भी देश याद करता है। पायलट ने कहा,

“डॉ. मनमोहन सिंह ने भारत को आर्थिक मोर्चे पर मजबूत किया। उनके योगदान को उनके जाने के बाद और अधिक सराहा जा रहा है।”

संस्थाओं के दुरुपयोग पर चिंता

सचिन पायलट ने कहा कि भारत जैसे लोकतंत्र में संस्थाओं का दुरुपयोग बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि आजकल संस्थाओं का इस्तेमाल विरोधियों के चरित्र हनन के लिए किया जा रहा है।

“संस्थाओं का ऐसा दुरुपयोग लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। किसी भी लोकतंत्र की नींव उसकी स्वतंत्र और निष्पक्ष संस्थाओं पर निर्भर करती है।”

‘सत्ता का ढांचा स्थायी नहीं’

सचिन पायलट ने बीजेपी पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि कोई भी यह सोचकर खुशफहमी में न रहे कि वह अपने अनुसार सत्ता का ढांचा तैयार करेगा और आने वाली पीढ़ी उसी ढांचे पर चलेगी। उन्होंने कहा,

“भारत का लोकतंत्र इतना विविधतापूर्ण और रोमांचक है कि यहां हर चुनाव में अलग-अलग निर्णय देखने को मिलते हैं। किसी भी दल को सत्ता के स्थायित्व की गारंटी नहीं दी जा सकती।”

 

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading