मनीषा शर्मा। कोटा के अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में वन्यजीव प्रेमियों को एक नया आकर्षण मिलने वाला है। यहां दुनिया के दूसरे सबसे बड़े जीवित पक्षी एमू का आगमन हुआ है। बुधवार को जयपुर नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क से चार एमू पक्षियों को अभेड़ा पार्क में शिफ्ट किया गया। इनमें एक मेल और तीन फीमेल शामिल हैं।
एमू: दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा पक्षी
वन्यजीव विभाग के डीएफओ अनुराग भटनागर ने बताया कि सेंट्रल जू अथॉरिटी (सीजेडए) की अनुमति के बाद इन पक्षियों को कोटा लाया गया है। एमू पक्षी नॉन-फ्लाइंग बर्ड है, जो उड़ने में अक्षम होता है। इसकी खासियत इसके लंबे पैर और गर्दन हैं, जो इसे तेज दौड़ने और खतरे से बचने में मदद करते हैं। ऑस्ट्रेलिया में पाया जाने वाला यह पक्षी औसतन 5.7 फीट लंबा होता है। मेल एमू का वजन 50-55 किलोग्राम होता है, जबकि फीमेल का वजन मेल से लगभग 5 किलोग्राम अधिक होता है।
वन्यजीव प्रेमियों के लिए बढ़ेगा आकर्षण
एमू के आने से अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क का आकर्षण और बढ़ गया है। डीएफओ ने यह भी बताया कि जल्द ही यहां चिंकारा भी लाए जाएंगे। इससे पार्क में वन्यजीवों की विविधता बढ़ेगी और यह क्षेत्र वन्यजीव प्रेमियों के लिए और अधिक आकर्षक बनेगा।